मुजफ्फरनगर, 21 जून 26। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग द्वारा मोरना रेंज अंतर्गत पावन तीर्थस्थल शुक्रताल के गंगा तट पर “वन योग” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई। योगाचार्यों ने योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और अष्टांग योग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए वृक्षासन, व्याघ्रासन, मंडूकासन, भुजंगासन, मकरासन, गरुड़ासन और ताड़ासन सहित विभिन्न योगासन कराए।इस अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक ने गंगा तट पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग और वृक्ष दोनों ही स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के आधार हैं। योग जहां शरीर और मन को स्वस्थ रखता है, वहीं वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में मंडलायुक्त सहारनपुर, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी जानसठ, आयुष विभाग के चिकित्सक, वन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने स्वस्थ जीवन, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group