मुजफ्फरनगर, 21 जून 26। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार द्वारा धन्वंतरि पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की।अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और तनावमुक्त जीवन का आधार भी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे स्वस्थ और निरोग जीवन संभव हो सके।

कार्यक्रम के दौरान नरेंद्र मोदी के कोलकाता से प्रसारित संबोधन का सजीव प्रसारण भी स्टेडियम में उपस्थित लोगों को सुनाया गया। प्रधानमंत्री के संदेश ने उपस्थित जनसमूह को योग के महत्व से और अधिक प्रेरित किया।

कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योग प्रशिक्षक विजय कुमार, वर्षा चौधरी और अनुज कुमार ने सामूहिक योगाभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम कर स्वास्थ्य संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा, प्रभात तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, शिक्षकों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।जनपद के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक योगाभ्यास में लगभग 1800 लोगों की सहभागिता रही, जिससे पूरा स्टेडियम योगमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया, जबकि अंत में डॉ. इसम पाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन जनपद में स्वास्थ्य, अनुशासन और जागरूकता का प्रभावी संदेश देने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group