मुजफ्फरनगर, 22 जून 26। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।बैठक में जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत उपकेंद्र की 500 मीटर लिंक सड़क निर्माण एवं विद्युत पोल शिफ्टिंग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक को जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिकारियों को उद्यमियों के साथ नियमित मासिक बैठक करने और विभागीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग के नोडल अधिकारी को धंधेड़ा रोड से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क पर शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।मैसर्स राधा गोविंद ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की एनओसी और मानचित्र संबंधी प्रकरण पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को संबंधित विभागों से आख्या लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं मेरठ रोड स्थित बीके टाइल्स के पास क्षतिग्रस्त लिंक रोड के संबंध में नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि पुनः निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।ग्राम लच्छेड़ा में मिल्टेक इंडस्ट्रीज के सामने नए विद्युत पोल लगाकर तार ऊंचाई पर कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हुए प्लेसमेंट की प्रगति की समीक्षा करते हुए रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से औद्योगिक आस्थानों के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण तथा नगर पालिका के साथ मिलकर सहयोग करने का आह्वान किया।बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, एसी हाइडिल सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group