मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव भुवापुर निवासी एक युवक की दूसरे जनपद में काम के दौरान ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिवार और ग्रामीणों में शोक फैल गया। बाद में शुकतीर्थ श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।जानकारी के अनुसार भुवापुर निवासी 30 वर्षीय कपिल कुमार पुत्र धर्मपाल आजीविका के लिए बरेली जिले के सेमी खेड़ा स्थित एक चीनी मिल में कार्यरत था। वह टीन शेड पर वेल्डिंग का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे कंक्रीट के फर्श पर गिर पड़ा।हादसे में कपिल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों और मिल प्रबंधन ने उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर कर दिया। उपचार के दौरान सोमवार शाम उसकी मृत्यु हो गई।कपिल परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। वह अपने पीछे पत्नी ममता और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उसी पर थी। उसकी असमय मृत्यु से पिता धर्मपाल, माता संतोष तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम शव गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक व्यक्त करने पहुंचे। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए प्रशासन और मिल प्रबंधन से आर्थिक सहायता तथा उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार की स्थिति अत्यंत कमजोर है और आश्रितों के पालन-पोषण के लिए तत्काल मदद की आवश्यकता है।