संभल। छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस को त्वरित सफलता दिलाने में खोजी डॉग मैरी ने अहम भूमिका निभाई। घटनास्थल से सुराग मिलने के बाद मैरी ने महज पांच मिनट में आरोपी तक पुलिस को पहुंचा दिया। मामले के खुलासे में उत्कृष्ट योगदान पर पुलिस अधीक्षक ने मैरी को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।पुलिस के अनुसार घटना के बाद जांच टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया गया। घटनास्थल के पास एक खेत से गमछा बरामद हुआ, जिसे महत्वपूर्ण सुराग मानते हुए खोजी डॉग मैरी को सूंघाया गया। गंध पकड़ते ही मैरी तेजी से आगे बढ़ी और पुलिस दल को साथ लेकर चली।करीब 200 मीटर तक रास्ता तय करने के बाद मैरी सीधे आरोपी संदीप के घर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खोजी दल की तत्परता और वैज्ञानिक जांच पद्धति से मामले के खुलासे में तेजी आई।पुलिस अधीक्षक कृष्ण बिश्नोई ने मैरी के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अपराध की जांच में खोजी श्वानों की भूमिका कई बार निर्णायक साबित होती है। उन्होंने बताया कि इस मामले में भी मैरी ने बेहद कम समय में सटीक दिशा देकर जांच को मजबूत आधार प्रदान किया।मैरी को सम्मानित करने के दौरान पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी मैरी की कार्यकुशलता की प्रशंसा की। अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक जांच तकनीकों के साथ प्रशिक्षित खोजी श्वान अपराध नियंत्रण और त्वरित खुलासे में महत्वपूर्ण सहयोग दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group