मुजफ्फरनगर। तहसील खतौली में आगामी पल्स पोलियो अभियान और विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर बुधवार को टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी डॉ. ललित मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।बैठक में बताया गया कि 28 जून से पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा, जिसके तहत पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ब्लॉक स्तर पर लगभग 41,850 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए 159 बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 102 टीमें, 32 पर्यवेक्षक, 14 ट्रांजिट बूथ तथा छह सेक्टर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी बच्चे को अभियान से वंचित न रहने देने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।उपजिलाधिकारी डॉ. ललित मिश्रा ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद स्थापित करें और बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने के लिए प्रेरित करें।बैठक में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की भी समीक्षा की गई। ब्लॉक प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह ने अभियान के तहत विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता, जलभराव रोकने, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा।प्रशासन ने सभी विभागों को शासन के निर्देशों के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य करने और अभियान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा विभाग, नगर पालिका, पशुपालन विभाग, आपूर्ति विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group