मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर में कूड़ा प्रबंधन कार्य से जुड़े एक सुपरवाइजर के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने सात नामजद समेत एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई शिकायत में आगरा निवासी अंशुल पुत्र पारस सिंह ने बताया कि वह जे.एस. एनवायरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। उक्त कंपनी नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर में कूड़ा प्रबंधन का कार्य देख रही है। अंशुल के अनुसार 23 जून 2026 को वह अपने सहकर्मी सन्नी त्यागी के साथ अधिशासी अधिकारी के सभागार कक्ष में आयोजित बैठक में शामिल होने पहुंचे थे।आरोप है कि बैठक के दौरान कुछ व्यक्तियों ने उनके साथ पहले कहासुनी की और बाद में गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि कंपनी का कार्य बंद कराने की धमकी भी दी। घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है और उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।शिकायतकर्ता के अनुसार घटना के बाद उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। तहरीर में शिवम पुत्र रामनिवास, छोटू पुत्र सोहनलाल, राहुल पुत्र पाला, रोहित पुत्र कक्कू, रवित्त पुत्र कबाड़ीराम, प्रभात पुत्र रामनिवास तथा एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।कोतवाली नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज सहित सभी उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।