लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी सूची में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश महामंत्री और 19 प्रदेश मंत्रियों समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। नई टीम में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ कई नए चेहरों को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, प्रियंका रावत, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, राजेश यादव और आलोक गुप्ता सहित कई नेताओं को स्थान दिया गया है। वहीं रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत और संजय राय को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।प्रदेश मंत्रियों की सूची में विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर, राकेश बिंद, राहुल वाल्मीकि और आकांक्षा सोनकर समेत अनेक नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इससे स्पष्ट है कि पार्टी ने संगठन में पिछड़े वर्ग, दलित, महिला और युवा नेतृत्व को व्यापक प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई है।भाजपा ने प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों के लिए क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की है। पश्चिम क्षेत्र की जिम्मेदारी नबाब सिंह नागर, ब्रज क्षेत्र की पूरन लाल लोधी, कानपुर क्षेत्र की राम किशोर साहू, अवध क्षेत्र की अवधेश द्विवेदी, काशी क्षेत्र की अशोक चौरसिया और गोरखपुर क्षेत्र की कमान विनोद राय को सौंपी गई है।संगठन को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारत दीक्षित को कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि अतुल अवस्थी और लक्ष्मण सिंह को कार्यालय सह-मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता, मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक तथा हिमांशुराज पंडित को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।पार्टी ने विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा की है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार नई टीम बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, जनाधार मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।