सहारनपुर। थाना बड़गांव पुलिस ने अवैध रूप से अपमिश्रित शराब बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से शराब बनाने के उपकरण, 610 लीटर अवैध कच्ची शराब, 800 लीटर लहन तथा पांच किलोग्राम यूरिया बरामद किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में बड़गांव पुलिस ने कार्रवाई की।पुलिस टीम ने ग्राम सावंतखेड़ी में छापेमारी कर अंकित, अमृत, शेरू उर्फ शेर सिंह, मीना और सनिता को गिरफ्तार किया। सभी आरोपित गांव सावंतखेड़ी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित अपने घर में ही अवैध शराब तैयार कर रहे थे।छापेमारी के दौरान मौके से शराब की भट्टी सहित कसीदगी के अन्य उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में तैयार कच्ची शराब और लहन भी मिला, जिसका उपयोग शराब बनाने में किया जाता है। बरामद यूरिया के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ बड़गांव थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group