मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ स्वेच्छा से छोड़कर एक किसान ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरक मिसाल पेश की है। ग्राम टिटोडा, तहसील खतौली निवासी विक्रम सिंह पुत्र वेदराम के इस कदम की जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सराहना की।गुरुवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा अपने कार्यालय में जनसमस्याओं की सुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान विक्रम सिंह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी इच्छा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ छोड़ने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने योजना के तहत प्राप्त राशि जिला प्रशासन को वापस सौंप दी।विक्रम सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उन परिवारों तक पहुंचे, जिन्हें वास्तव में इसकी अधिक आवश्यकता है। उनका मानना है कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों के हितों का भी ध्यान रखना चाहिए।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने किसान की पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकारी योजना का लाभ छोड़ने का मामला नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्य और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का उत्कृष्ट उदाहरण है।जिलाधिकारी ने कहा कि विक्रम सिंह का यह कदम समाज में सकारात्मक संदेश देगा और अन्य लोगों को भी ईमानदारी व सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करेगा। उन्होंने किसान की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे जागरूक नागरिक प्रशासन और समाज दोनों की ताकत होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group