मुजफ्फरनगर। सहारनपुर परिक्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत शाहपुर थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 920 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान शाहपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मंसूरपुर तिराहे स्थित यात्री प्रतीक्षालय में एक संदिग्ध युवक बैग लेकर बैठा है और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक विकास चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 5.920 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अरशद उर्फ इरशाद पुत्र अनवर निवासी गौतम कॉलोनी, थाना नरेला, दिल्ली के रूप में बताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिल्ली से गांजा खरीदकर मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था।पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित ढाबों पर रुकने वाले ट्रक चालकों और स्थानीय युवाओं को गांजे की पुड़िया बनाकर बेचता था। बरामद गांजा भी इसी उद्देश्य से लाया गया था।पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और गैंगेस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। शाहपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। कार्रवाई करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल प्रेमचंद, कांस्टेबल शिवम यादव, अलीम और चंद्रवीर शामिल रहे।