मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खालापार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही तीन मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।यह कार्रवाई सहारनपुर परिक्षेत्र में संचालित ‘ऑपरेशन सवेरा’ के अंतर्गत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा के निर्देशन में खालापार पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी।चेकिंग के दौरान शामली बाईपास स्थित राणा चौक से आगे वहलना फ्लाईओवर के नीचे मोटरसाइकिल सवार तीन युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद पुत्र अरविंद, सचिन पुत्र राजेंद्र कुमार और राहुल कुमार पुत्र गुलाब सिंह के रूप में हुई है। तीनों थाना बुढ़ाना क्षेत्र के ग्राम हरियाखेड़ा के निवासी बताए गए हैं।तलाशी के दौरान आरोपियों के पास अलग-अलग पैकेटों में कुल 200 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इनमें गोविंद के पास से 50 ग्राम, जबकि सचिन और राहुल के पास से 75-75 ग्राम स्मैक मिली। इसके अलावा पुलिस ने तीन मोबाइल फोन तथा लाल रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना खालापार में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है।