मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक 32 बोर रिवॉल्वर समेत पांच अवैध हथियार बरामद किए हैं। वहीं, उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।कोतवाली नगर प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि 25 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ दधेड़ू रजवाहा रेलवे पुल के पास मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की।पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक 32 बोर रिवॉल्वर, एक 315 बोर तमंचा और तीन 12 बोर तमंचे बरामद हुए। सभी हथियार जब्त कर लिए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष त्यागी पुत्र दीपक त्यागी निवासी नॉर्थ सिविल लाइन तथा कबीर बालियान पुत्र अमित बालियान निवासी ग्राम जीवना, थाना मंसूरपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हर्ष त्यागी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।मौके से फरार तीसरे आरोपी की पहचान समीर उर्फ फौजी पुत्र हनीफ निवासी खतौली के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद हथियारों की सप्लाई चेन और इनके खरीदारों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group