मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव बिहारगढ़ में खेतों की रखवाली करने गए एक किसान का शव खेत में बने मचान पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने आत्महत्या की बात से इन्कार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।गांव बिहारगढ़ निवासी 36 वर्षीय योगेश चौहान पुत्र पृथ्वी सिंह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने बड़े भाई संजय सिंह चौहान के साथ रहते थे। परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम भोजन करने के बाद योगेश रोज की तरह खेतों की रखवाली के लिए जंगल चले गए थे।शुक्रवार सुबह आसपास के किसान खेतों पर पहुंचे तो योगेश का शव प्रहरी मचान की लकड़ियों से फंदे पर लटका दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर बाद भोपा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।योगेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे बुजुर्ग माता विद्यावती, पत्नी सरिता और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। सात वर्षीय भावना, पांच वर्षीय पूर्वी और तीन वर्षीय सहदेव के सिर से पिता का साया उठने पर परिवार में कोहराम मचा है।पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। बाद में शुकतीर्थ श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। फिलहाल गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group