मुजफ्फरनगर। पुलिस अधिकारी बनकर भय पैदा करने और अश्लील तस्वीरें प्रसारित करने की धमकी देकर एक युवक से दो लाख दस हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम दिदाहेड़ी निवासी अहतर पुत्र मुजाहिद हसन के मोबाइल पर 13 जून 2026 को एक वीडियो कॉल आई। कॉल समाप्त होने के कुछ ही समय बाद उसके व्हाट्सएप पर उसकी तस्वीर के साथ एक युवती की आपत्तिजनक तस्वीर भेजी गई, जिसके आधार पर उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा।पीड़ित का आरोप है कि ठगों ने स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया। आरोपियों ने पुलिस वर्दी और कंधे पर लगे स्टार दिखाते हुए कार्रवाई का डर पैदा किया। उन्होंने कहा कि यदि मांग के अनुसार रुपये नहीं दिए गए तो आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित कर दी जाएंगी और उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा।शिकायत के अनुसार ठगों ने शुरुआत में 1,999 रुपये जमा कराने को कहा। इसके बाद तस्वीरें हटाने, मामला समाप्त कराने और विभिन्न औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग खातों में लगातार रकम मंगाई जाती रही। भय और दबाव में आकर पीड़ित ने कई बार में कुल करीब 2.10 लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए।कुछ समय बाद जब पीड़ित को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ तो उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना निरीक्षक धर्मवीर सिंह को सौंपी गई है। साइबर ठगों की पहचान और उनकी लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।