मुजफ्फरनगर। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना चरथावल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि दोनों ने अमेरिका भेजने का भरोसा देकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और एक व्यक्ति से छह लाख रुपये की ठगी की।पुलिस के अनुसार महाराल निवासी नीतू ने 29 अप्रैल 2026 को थाना चरथावल में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने उनके भाई संदीप पाल को अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया था। विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने कथित शैक्षणिक संस्था का प्रस्ताव पत्र और हवाई यात्रा से जुड़े फर्जी दस्तावेज भी दिखाए।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दस्तावेजों के आधार पर भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर छह लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद न तो संदीप पाल को विदेश भेजा गया और न ही धनराशि वापस की गई। लगातार टालमटोल के बाद पीड़ित को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।शिकायत मिलने पर चरथावल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्य एकत्र करने के बाद पुलिस ने 27 जून को कार्रवाई करते हुए अमित विहार, कुकड़ा निवासी आकाश धनगर और हरिपुर कुकड़ा निवासी सागर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी आकाश धनगर के खिलाफ थाना नई मंडी में पहले से धोखाधड़ी का एक अन्य मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इसी प्रकार अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक यतेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी अरविंद तथा आरक्षी दीपक कुमार शामिल रहे।