मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव बिहारगढ़ में किसान योगेश चौहान की संदिग्ध मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण भोपा थाने पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।गांव बिहारगढ़ निवासी 36 वर्षीय योगेश चौहान का शव शुक्रवार सुबह खेत में बने मचान पर फंदे से लटका मिला था। योगेश गुरुवार रात खेतों की रखवाली के लिए गए थे, लेकिन सुबह उनका शव मिलने से परिवार और गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इन्कार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि योगेश की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया ताकि मामले को आत्महत्या दिखाया जा सके।घटना से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को थाने पर जोरदार प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने मामले की हर पहलू से जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।