मुजफ्फरनगर। आगामी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में रविवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस प्रशासन, प्रधानाचार्यों, वरिष्ठ शिक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों ने भाग लिया।बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के निर्देशन में जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर टीईटी परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा 2 और 3 जुलाई 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में संपन्न कराई जाएगी।जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। मोबाइल, स्मार्ट घड़ी, ब्लूटूथ सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को केंद्र के भीतर ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।उन्होंने कहा कि परीक्षा की गरिमा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई असामाजिक तत्व या सॉल्वर गिरोह परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।