मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित जानसठ रोड पर मुख्य विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय पर सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया। बिजली विभाग की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के विरोध में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मुकदमा वापस लेने की मांग उठाई और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।धरने के दौरान मुख्य अभियंता कार्यालय की विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच अधिकारी और कर्मचारी बिना बिजली के काम करते नजर आए। प्रदर्शनकारी कार्यालय के बाहर डटे रहे और स्पष्ट किया कि जब तक मुकदमा वापस नहीं लिया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।रालोद के वरिष्ठ नेता सुधीर भारतीय ने आरोप लगाया कि गांधी कॉलोनी में करीब 28 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि शिकायत लेकर लोग बिजलीघर पहुंचे, लेकिन वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। बाद में विभाग ने उल्टा मोहल्ले के लोगों पर ही मुकदमा दर्ज करा दिया।सुधीर भारतीय ने आरोप लगाया कि कनिष्ठ अभियंता ने स्वयं बताया कि मुख्य अभियंता के दबाव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उन्होंने कहा कि आम लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा।स्थिति को देखते हुए नई मंडी क्षेत्राधिकारी राजू साव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की।मुख्य अभियंता विनोद गुप्ता ने बताया कि विभाग की ओर से प्रदर्शनकारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे बातचीत के लिए नहीं आए। उन्होंने कहा कि कनिष्ठ अभियंता के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। ऐसे में मुकदमा वापस लेने का कोई आधार नहीं बनता।फिलहाल बिजली विभाग और रालोद दोनों अपने-अपने रुख पर कायम हैं। मामले को लेकर प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group