मुजफ्फरनगर। जनपद में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला एकीकरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने की, जिसमें समिति के सदस्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता कर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।बैठक के दौरान डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी विश्वास, सम्मान और भाईचारे से ही संभव है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि जनपद में राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई जाए। उन्होंने कहा कि जाति, वर्ग और धर्म से ऊपर उठकर एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही समिति का मूल उद्देश्य है।उन्होंने समिति के सदस्यों से अपने-अपने गांवों और मोहल्लों में छोटी-छोटी बैठकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि समाज में प्रेम, विश्वास और सौहार्द का वातावरण लगातार बना रहे। उन्होंने कहा कि जनपद में अमन-चैन कायम रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।जिला पंचायत अध्यक्ष ने यह भी कहा कि समिति के सदस्य असहाय और जरूरतमंद लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं, जिससे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने समिति का दायरा बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर जोर देते हुए ‘अनेकता में एकता’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।बैठक में सूचना आदान-प्रदान को बेहतर बनाने के लिए जिला विकास अधिकारी को एकीकरण समिति का आधिकारिक समूह बनाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे सभी सदस्यों के बीच समन्वय और संवाद अधिक प्रभावी हो सके।बैठक में वीना शर्मा, शालू सैनी, शहर काजी तनवीर आलम, होती लाल शर्मा, हरिलाल कौशिक, ब्रह्मा चौहान, अशोक गुप्ता और कंचन आर्य समेत समिति के कई सदस्यों ने अपने सुझाव रखे। इस दौरान जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।