मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में गरम जलेबी मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दुकानदार और उसके साथियों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।थाना क्षेत्र के ग्राम नरा निवासी राम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बेगराजपुर स्थित एक मिठाई की दुकान पर जलेबी लेने गया था। दुकान पर रखी जलेबी ठंडी होने पर उसने दुकानदार से गरम जलेबी देने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर दुकानदार ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान राम सिंह के सिर और कमर में चोट आई। पीड़ित का कहना है कि दुकानदार ने पास की दुकान से अपने तीन-चार साथियों को भी बुला लिया।तहरीर के अनुसार, सभी आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला किया और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।घटना के बाद घायल युवक ने मंसूरपुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसका कहना है कि आरोपियों की धमकियों के कारण वह और उसका परिवार भय में है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ललित को सौंपी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।