मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन की बैठक शुक्रवार को संगठन के राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोड़ा के निवास पर आयोजित हुई। बैठक में आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्तों की सेवा के लिए निःशुल्क कांवड़ सेवा शिविर लगाने का निर्णय लिया गया।बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 3 अगस्त से 10 अगस्त तक रुड़की रोड स्थित स्वरूप प्लाजा, शिव चौक के निकट सेवा शिविर संचालित किया जाएगा। शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, अल्पाहार, दूध, नींबू पानी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।संगठन ने शिविर संचालन के लिए जिम्मेदारियां भी निर्धारित कीं। राजीव बंसल को शिविर प्रभारी बनाया गया, जबकि संजीव मलिक और नितिन गोयल को सह शिविर प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। चिकित्सा सेवा की व्यवस्था अमरीश शर्मा के नेतृत्व में की जाएगी।राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोड़ा ने कहा कि संगठन पिछले वर्षों की तरह इस बार भी पूरी श्रद्धा और सेवा भाव से शिवभक्तों की सेवा करेगा। उन्होंने नागरिकों से भी शिविर को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की।राष्ट्रीय अध्यक्ष (महिला) सरिता शर्मा अरोड़ा ने कहा कि महिला कांवड़ियों के विश्राम के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।बैठक में प्रवीण जैन, अनिल मलिक, श्याम वर्मा, अशोक वर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।