आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दबाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को मिट्टी में दबाकर ऊपर से प्लास्टर कराया गया और फर्श पर टाइल्स लगवा दी गईं। घटना का खुलासा करीब डेढ़ महीने बाद तब हुआ, जब पुलिस सत्यापन के दौरान महिला के व्यवहार पर संदेह हुआ। पुलिस ने खुदाई कर बाथरूम से कंकाल बरामद कर लिया है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के निवासी थे और आगरा की रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। परिवार के लोगों ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीने के आदी थे और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। उनकी पत्नी रूबी से आए दिन कहासुनी और झगड़े की स्थिति बनी रहती थी।परिजनों के मुताबिक 18 मई को रूबी ने परिवार को यह कहकर घर से हटवा दिया कि पुलिस किसी मामले में दबिश देने वाली है। इसके बाद उसने सुरेंद्र के बाहर जाने की बात कही। कई दिन तक सुरेंद्र के वापस न लौटने पर 26 मई को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। इस दौरान रूबी भी पुलिस के साथ खोजबीन का दिखावा करती रही और परिवार को भरोसा दिलाती रही कि सुरेंद्र जल्द लौट आएंगे।मामले ने नया मोड़ तब लिया जब मृतक के भाई अनिल शर्मा को रूबी के व्यवहार पर शक हुआ। शुक्रवार सुबह पूछताछ के दौरान रूबी ने स्वीकार किया कि सुरेंद्र का शव घर के बाथरूम के नीचे दबा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फर्श की खुदाई कराई। खुदाई में मानव कंकाल मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।पुलिस हिरासत में रूबी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक बयान में उसने दावा किया कि पति की प्रताड़ना से परेशान थी और घटना के बाद डर के कारण शव छिपा दिया। हालांकि पुलिस हत्या, शव छिपाने और संभावित सहयोगियों की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कंकाल को परीक्षण और शव परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।