मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के बेहड़ा सादात गांव में सरकारी यूकेलिप्टस के पेड़ की अवैध कटाई रोकने पहुंची वन विभाग की टीम के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।वन रक्षक नंद किशोर ने ककरौली थाने में दी गई तहरीर में बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि गांव बेहड़ा सादात में ठेके के सामने स्थित सरकारी यूकेलिप्टस का पेड़ काटा जा रहा है। सूचना के आधार पर विभागीय कर्मचारी राजकुमार को मौके पर भेजा गया। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति पेड़ को जमीन से लगभग 12 फीट की ऊंचाई पर काट रहा था।आरोप है कि विभागीय कर्मचारी ने सरकारी पेड़ की कटाई रोकने और जानकारी लेने का प्रयास किया तो आरोपी आक्रोशित हो गया। उसने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए कर्मचारी के साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलने पर वन रक्षक अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे।वन विभाग ने तहरीर में आरोपी की पहचान बेहड़ा सादात निवासी प्रवीण पुत्र महेंद्र के रूप में की है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, धमकी देने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।ककरौली थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक देवकी नंदन को सौंपी गई है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group