मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से शुरू की गई शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, विद्यार्थियों के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 1200 रुपये की सहायता राशि तथा भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए विशेष समझौते के शुभारंभ खतौली में भी सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड और विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री वितरित की गई।नगर स्थित विद्योत्तमा कन्या महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी ललित मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी पंकज अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। सभागार में प्रोजेक्टर के माध्यम से वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें प्रदेश सरकार की नई कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।प्रसारण के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा रसोइयों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही प्रदेश के 1.10 करोड़ से अधिक परिषदीय विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए 1200 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए समझौते की भी जानकारी दी गई। इसके तहत बैंक में वेतन खाता रखने वाले शिक्षकों को 10 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर सहित अन्य बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।लाइव प्रसारण के बाद उपजिलाधिकारी ललित मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी पंकज अग्रवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्य, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष बालेन्द्र कुमार तथा अन्य अतिथियों ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं रसोइयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। वहीं नगर क्षेत्र के चयनित छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, पाठ्य सामग्री, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री भी प्रदान की गई।कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक भैंसी शाखा की प्रबंधक पूनम मौर्य ने शिक्षकों के लिए बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विशेष सुविधाओं की जानकारी दी। संचालन सोविंद्र कुमार ने किया।समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी पंकज अग्रवाल ने मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के हित में शुरू की गई योजनाओं को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एआरपी, नोडल शिक्षक, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group