मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव बिहारगढ़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 19 वर्षीय युवती के मामले में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि युवती को बहला-फुसलाकर घर से ले जाया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के साथ युवती की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए हैं।पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर परिवार के सभी सदस्य खेत पर काम करने चले गए थे, जबकि उनकी पुत्री घर पर अकेली थी। शाम को लौटने पर वह घर में नहीं मिली। परिजनों ने पहले रिश्तेदारी और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गांव निवासी प्रिंस पुत्र ऋषिपाल युवती को अपने साथ लेकर मोरना पहुंचा, जहां पहले से मौजूद बिजनौर जिले के लखपतनगर निवासी विजय पुत्र धर्मवीर के हवाले उसे कर दिया। इसके बाद विजय युवती को अपने साथ अज्ञात स्थान पर ले गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गांव के ही गौरव पुत्र पूरण और सौरभ पुत्र किरण ने भी घटना को अंजाम देने में सहयोग किया।पीड़ित पक्ष का कहना है कि विजय का उनके घर पहले से आना-जाना था और इसी परिचय का फायदा उठाकर उसने पूरी योजना बनाई। घटना के बाद परिवार के सदस्य युवती की सकुशल वापसी को लेकर चिंतित हैं।भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि युवती की सकुशल बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है। मामले की जांच जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group