मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने लक्ष्य के अनुरूप ऋण स्वीकृत न होने पर नाराजगी जताई। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कई बैंकों की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने योजना के अंतर्गत प्राप्त लक्ष्यों और अब तक स्वीकृत ऋण प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पाया कि कई बैंक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण स्वीकृत करने में पीछे चल रहे हैं। इस पर उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडियन बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ इंडिया तथा भारतीय स्टेट बैंक सहित अन्य बैंकों की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि लंबित सभी ऋण प्रकरणों का वितरण अगले दिन तक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों और बैंकों की नियमित समीक्षा की जाएगी।बैठक में उपायुक्त उद्योग जैस्मीन, सहायक आयुक्त उद्योग प्रीति त्यागी, सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे।