मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत भोपा थाना पुलिस ने एक अंतरजनपदीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पांच किलो 80 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भोपा तथा प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना भोपा पुलिस मोरना-जानसठ मार्ग पर ग्राम भेड़ाहेड़ी स्थित राजा ब्रिक्स फील्ड के निकट संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी।जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से पांच किलो 80 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सनी पुत्र देवराज निवासी जवाहर नगर, रोहटा रोड, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ बताया। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना भोपा में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पिंटू चौधरी, कांस्टेबल अनुपम यादव तथा कांस्टेबल आमिर खान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सवेरा के तहत जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगा।