मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने तथा घर से नकदी और जेवरात भी ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।मदीना कॉलोनी निवासी पीड़ित पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 16-17 वर्षीय पुत्री अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश और जानकारी जुटाने के बाद उन्हें पता चला कि पड़ोस में रहने वाला नौशाद पुत्र रोशन उसे अपने साथ ले गया है। उनका आरोप है कि किशोरी के साथ घर में रखे करीब दो लाख रुपये नकद और लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी गायब हैं।पीड़ित का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आरोपी के परिजनों से संपर्क कर बेटी को वापस भेजने का अनुरोध किया, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। आरोप है कि आरोपी के पिता ने भी मामले में सहयोग नहीं किया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी नौशाद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रूप सिंह को सौंपी गई है।थाना पुलिस का कहना है कि किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group