बिजनौर। लगातार हो रही वर्षा के कारण मेरठ-पौड़ी राष्ट्रीय मार्ग पर देवल गांव के पास जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने से बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सीधा सड़क संपर्क बाधित हो गया। मार्ग बंद होने के कारण प्रशासन ने दोनों शहरों की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन रोकते हुए यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करना शुरू कर दिया।देवल क्षेत्र में हाईवे पर लगातार पानी भरने और सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से दोपहर बाद स्थिति गंभीर हो गई। बैराज से लेकर मीरापुर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। धीरे-धीरे जाम का दायरा बढ़ता हुआ बिजनौर जनपद की सीमा तक पहुंच गया, जिससे यात्रियों और मालवाहक वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन मेरठ तथा मुजफ्फरनगर जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसके बाद दोनों शहरों की ओर जाने वाले वाहनों को गजरौला और रुड़की मार्ग से भेजा जाने लगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और क्षतिग्रस्त सड़क पर किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।प्रशासन का कहना है कि सड़क पर लगातार पानी बहने के कारण तत्काल यातायात बहाल करना संभव नहीं है। संबंधित विभाग को क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आवागमन सामान्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group