मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र मे पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश समीर उर्फ फौजी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी रोहित भी जंगल में घेराबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार न्याजूपुरा-चरथावल मार्ग पर काली नदी पुल के पास शहर कोतवाली पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बारिश के कारण कच्चे रास्ते पर उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपी खेतों की ओर भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी।सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने पहले आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान समीर उर्फ फौजी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी रोहित भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया।पूछताछ और पुलिस अभिलेखों के अनुसार समीर उर्फ फौजी, निवासी शीतला नगर नई आबादी, खतौली, लंबे समय से पुलिस की तलाश में था। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। वह शहर कोतवाली के एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार दूसरा आरोपी रोहित भी आपराधिक मामलों में नामजद बताया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व एसपी सिटी अमृत जैन, एएसपी/सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा तथा शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने किया।