मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के सोरम गांव में खेलते समय पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय आरव की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया।जानकारी के अनुसार लगातार हुई बारिश के कारण गांव के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे के निकट बने गहरे गड्ढे में पानी भर गया था। शनिवार को आरव अपने साथियों के साथ खेलते हुए वहां पहुंचा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया।साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बालक की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।आरव की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे।