मुजफ्फरनगर, 12 जुलाई 26। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को जनपद में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र, रोहाना कलां, ग्राम बेहड़ी, ऊपरी गंगा नहर मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर हजारों पौधे रोपे गए। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बरगद का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान लगभग छह हजार पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिकीकरण और वनों के लगातार घटते क्षेत्रफल के कारण प्रदूषण, सूखा, बाढ़ और भूमि क्षरण जैसी समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अभियान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन तथा सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अभिनव राज के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

उधर, जनपद के नोडल अधिकारी एवं सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने रोहाना कलां और ग्राम बेहड़ी में बरगद का पौधा लगाकर अभियान में सहभागिता की। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, सदर उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार द्विवेदी तथा तहसीलदार राधेश्याम गौड़ ने भी पौधारोपण किया। मंडलायुक्त ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं बल्कि जल सुरक्षा, जैव विविधता और मानव जीवन के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधे को वृक्ष बनाने का संकल्प ले ले तो प्रदेश और देश दोनों हरित एवं समृद्ध बन सकते हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने भी लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।अभियान के अंतर्गत ऊपरी गंगा नहर मार्ग के लगभग 49 हेक्टेयर क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। प्रभागीय निदेशक अभिनव राज ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।वहीं कृषि विभाग ने भी वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत विकास खंड सदर के ग्राम दतियाना, पचैंडा खुर्द, जड़ौदा नरा और बहादरपुर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने स्वयं पौधे लगाकर किसानों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्राकृतिक फिल्टर के रूप में कार्य करते हैं, ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम करते हैं, मृदा संरक्षण, बाढ़ नियंत्रण, तापमान संतुलन, जैव विविधता संवर्धन तथा फल एवं इमारती लकड़ी के माध्यम से किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने किसानों से प्रत्येक वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया।अभियान में शिक्षा, पंचायत, प्रदूषण नियंत्रण, वन, कृषि तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।