मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसौली स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। बदमाश बैंक की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर भीतर दाखिल हुए और कैश सेफ को तोड़कर नकदी ले जाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस गश्ती वाहन की आहट मिलते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बैंक प्रबंधन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शाखा प्रबंधक के अनुसार घटना 10 जुलाई की मध्यरात्रि की है। अज्ञात बदमाश बैंक भवन के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे। अंदर प्रवेश करने के बाद उन्होंने सबसे पहले शाखा के पीछे लगा सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।इसके बाद बदमाशों ने बैंक में रखे कैश सेफ को हथौड़े और अन्य औजारों की मदद से तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान सेफ का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के कारण वे उसे खोल नहीं सके और उसमें रखी नकदी तक पहुंचने में नाकाम रहे।तहरीर में बताया गया है कि रात करीब 1:40 बजे पुलिस का गश्ती वाहन बैंक के पास से गुजरा। वाहन का सायरन सुनते ही बदमाश घबरा गए और अधूरी वारदात छोड़कर मौके से फरार हो गए। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने बैंक की पिछली दीवार टूटी देखी तो बैंक अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने पर बैंक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। शाखा में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को जांच के लिए उपलब्ध करा दी गई है। पुलिस ने बैंक प्रबंधक की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह माना जा रहा है कि चोरी की योजना पहले से तैयार की गई थी, लेकिन समय पर पुलिस गश्त पहुंचने से बदमाश अपने इरादे में सफल नहीं हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group