मुजफ्फरनगर। जनपद में रविवार को “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इसी के साथ मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोपाड़ा में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोपाड़ा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रभावी पहल है, जिसका अधिक से अधिक लोगों को लाभ उठाना चाहिए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जनपद में स्वास्थ्य विभाग को 36 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाएं, जांच सुविधाएं और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खालापार, कृष्णापुरी, भरतिया कॉलोनी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर और सिखेड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा दवाओं और जांच सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।निरीक्षण के बाद डॉ. सुनील तेवतिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा और एएनएम प्रशिक्षण केंद्र कूकड़ा में भी पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण भी विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रमों के दौरान उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार, डॉ. अवनीश कुमार, चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी, आशा, एएनएम तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।