मुजफ्फरनगर। शहर के महावीर चौक बस अड्डे पर भीड़ का लाभ उठाकर महिला यात्री का पर्स चोरी करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो महिलाओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना के बाद चोरी गया पर्स और नकदी बरामद होने का भी दावा किया गया है।पुलिस को दी गई तहरीर में हरियाणा के रोहतक जनपद के गद्दी खेड़ा निवासी हिमानी पत्नी विनीत सैनी ने बताया कि वह 11 जुलाई को बस से मुजफ्फरनगर पहुंची थीं। महावीर चौक बस अड्डे पर उतरते समय काफी भीड़ थी। इसी दौरान कुछ महिलाएं उनके आसपास खड़ी थीं। कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि उनके हैंडबैग की चेन खुली हुई है और उसमें रखा पर्स गायब है।पीड़िता के अनुसार चोरी हुए पर्स में 3,200 रुपये नकद, पैन कार्ड की छायाप्रति और अन्य आवश्यक सामान रखा था। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने भाइयों अमन और परीक्षित को बताया, जो उन्हें लेने बस अड्डे पर पहुंचे थे। इसके बाद तीनों ने संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरू की।तहरीर के अनुसार पीछा करने पर दो महिलाएं जानसठ पुल के नीचे दिखाई दीं। आरोप है कि वे चोरी किए गए पर्स से नकदी निकालकर आपस में बांट रही थीं। पीड़िता और उसके भाइयों ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ देर कहासुनी और हाथापाई भी हुई। बाद में दोनों महिलाओं को पर्स और नकदी सहित पुलिस के हवाले कर दिया गया।पूछताछ में दोनों महिलाओं ने अपने नाम ज्योति पत्नी भास्कर तथा पूजा पत्नी राहुल निवासी स्टेशन के पास, खतौली बताए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group