मुजफ्फरनगर। विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत सोमवार को एएनएम प्रशिक्षण केंद्र कूकड़ा से जनजागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जनसंख्या स्थिरता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।रैली को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है और परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से पखवाड़े के दौरान अधिक से अधिक पात्र दंपत्तियों तक पहुंचकर परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी देने और सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया।रैली में शामिल एएनएम प्रशिक्षणार्थियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने जनसंख्या स्थिरता एवं परिवार नियोजन से जुड़े जागरूकता संदेशों के साथ लोगों को छोटे परिवार के महत्व से अवगत कराया। साथ ही परिवार नियोजन की निःशुल्क उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में परिवार कल्याण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, अपर शोध अधिकारी आनंद कुमार, जिला परिवार कल्याण एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक डॉ. दिव्यांक दत्त, पीएसआई संस्था की जिला प्रतिनिधि भारती रावत, एएनएम प्रशिक्षण केंद्र कूकड़ा की प्रधानाचार्या सरिता, सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 11 से 24 जुलाई तक चलने वाले विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार नियोजन से संबंधित विशेष जागरूकता कार्यक्रम और सेवाएं संचालित की जाएंगी। विभाग ने जनपदवासियों से परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध परिवार के निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group