मुजफ्फरनगर। सहारनपुर परिक्षेत्र में चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस और विशेष अभियान दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में तीन पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी कब्जे में ली गई है। मामले में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार को बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन से 50 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी मिथलेश, बिहार निवासी रोहित उर्फ मुन्ना और संदीप तथा छत्तीसगढ़ निवासी ममता यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद गांजा गाजियाबाद के दो व्यक्तियों का है, जो इसे विभिन्न राज्यों से मंगवाकर आगे सप्लाई कराते थे। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।पूछताछ में यह भी सामने आया कि पुरुष आरोपियों को गांजा सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के बदले तय रकम दी जाती थी, जबकि महिला आरोपी को वाहन में बैठाकर ले जाया जाता था ताकि पुलिस को शक न हो। हालांकि पुलिस इन बयानों का सत्यापन कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।पुलिस अब इस गिरोह के आगे और पीछे के संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह अब तक कितनी खेप विभिन्न राज्यों में भेज चुका है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group