मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल के मुजफ्फरनगर आगमन पर संगठन पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मेरठ रोड स्थित मूलचंद रिसॉर्ट में आयोजित बैठक में संगठन के विस्तार, प्रस्तावित पदयात्रा और कांवड़ सेवा शिविर सहित विभिन्न आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।बैठक का आयोजन राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोड़ा के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान पदाधिकारियों ने अनिल अग्रवाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया और संगठन की गतिविधियों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। बैठक में संगठन को देशभर में और अधिक मजबूत बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी चर्चा हुई।बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद वाजपेयी ने बताया कि 19 जुलाई 2026 से फर्रुखाबाद से हरिद्वार तक अटल संकल्प पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही 3 अगस्त से 10 अगस्त तक मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान विशाल सेवा शिविर आयोजित करने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।पदाधिकारियों ने कांवड़ सेवा शिविर को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार साझा किए। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर भी चर्चा हुई।इस अवसर पर संजय अरोड़ा, सरिता शर्मा अरोड़ा, प्रवीण जैन, संदीप अरोड़ा, श्याम वर्मा, नितिन गोयल, लवी गोयल, सचिन सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।