शामली। सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चेन लूट की घटनाओं में वांछित एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, अवैध तमंचा, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं उसका साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि चेन लूट की वारदातों में शामिल दो बदमाश सिभालका बाईपास की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान फहीम उर्फ होला पुत्र सलीम निवासी किदवई नगर, थाना खालापार, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ लूट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं तथा वह लंबे समय से चेन लूट की घटनाओं में सक्रिय था।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक महिला से लूटी गई सोने की चेन, एक अवैध देसी तमंचा, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त यूपी-12 सीई-2241 नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई। फरार आरोपी की पहचान अदनान उर्फ आदि निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल की पत्नी से चेन लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।