मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र की एक नवविवाहिता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर अपने पति और ससुराल पक्ष की सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि प्रेम विवाह करने के बाद उसके मायके पक्ष के लोग उसे, उसके पति और ससुराल वालों को जान से मारने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।छछरपुर गांव निवासी सानिया ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह बालिग है और उसने अपनी इच्छा से 3 जुलाई 2026 को घर छोड़ा था। उसके अनुसार वह अपने साथ केवल अपने शैक्षिक प्रमाणपत्र और आधार कार्ड लेकर गई थी। इसके बाद 6 जुलाई को मेरठ जनपद के रूहासा गांव निवासी नितिन कुमार के साथ विधिवत पंजीकृत विवाह कर लिया।सानिया का कहना है कि किसी ने उसे बहला-फुसलाकर या दबाव बनाकर घर से नहीं ले गया। उसने अपनी इच्छा से विवाह का निर्णय लिया है। उसने बताया कि नितिन से उसकी पहचान बहन के घर के पास हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच परिचय बढ़ा और उन्होंने विवाह करने का फैसला किया।नवविवाहिता ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद उसके मायके पक्ष के लोग लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें और उनके पति के परिवार को धमकियां दी जा रही हैं तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की बात कही जा रही है। इसी कारण उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।मीडिया से बातचीत में सानिया ने कहा कि वह अब अपने पति के साथ शांतिपूर्वक जीवन बिताना चाहती है। उनका कहना है कि विवाह उनकी सहमति से हुआ है और किसी प्रकार का दबाव नहीं था। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि उन्हें और उनके ससुराल पक्ष को सुरक्षा प्रदान की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group