मुजफ्फरनगर, 14 जुलाई 26। विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में मंगलवार को एक दिवसीय बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 12 निजी कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न चरणों में हुए साक्षात्कार के बाद 143 अभ्यर्थियों का चयन रोजगार के लिए किया गया।प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने बताया कि रोजगार मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों से करीब 450 युवाओं ने प्रतिभाग किया। मेले में उपस्थित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के शैक्षिक और तकनीकी कौशल का मूल्यांकन करते हुए उनका साक्षात्कार लिया तथा योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और मुख्य विकास अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगारपरक कौशल से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और उद्योगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।अधिकारियों ने युवाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक प्रशिक्षण रोजगार प्राप्त करने की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुके हैं।कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। समापन अवसर पर जिला समन्वयक (कौशल विकास मिशन) एवं नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई मुकेश प्रताप सिंह ने सभी कंपनी प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए जिले में इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा।