मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र स्थित मोरना गांव में एक पोल्ट्री फार्म संचालक पर बंधक बनाकर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के चार युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने मामले को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।मोरना निवासी टीटू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार देर रात वह अपने पोल्ट्री फार्म पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के चार युवक फार्म में पहुंचे और कथित रूप से उसके हाथ रस्सी से बांधकर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।बुधवार सुबह फार्म पर कार्य करने पहुंचे मजदूर ने टीटू को बंधा और घायल अवस्था में देखा। उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सियां खोलकर घायल को उपचार के लिए भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।घटना के बाद पीड़ित पक्ष के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण भोपा थाने पहुंचे और नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर आरोपी पक्ष के लोगों ने भी थाने पहुंचकर घटना को निराधार बताते हुए दावा किया कि मामला पुरानी जमीन संबंधी रंजिश से जुड़ा है और उन्हें झूठा फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के संबंध में कुछ तथ्य संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। इसके बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस जमीन विवाद, आपसी रंजिश और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group