मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव निर्माना में बुधवार को विद्युत विभाग के एक लाइनमैन की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों ने कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार गांव निर्माना निवासी ऋषिपाल कश्यप पुत्र जुम्मा विद्युत संबंधी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे गांव में शोक का माहौल बन गया।घटना की जानकारी पर शाहपुर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।मृतक के परिजनों का आरोप है कि बिजलीघर पर तैनात संबंधित एसएसओ और टीजी-2 की ओर से कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। परिजनों ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। वहीं ग्रामीणों ने भी विद्युत विभाग से फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की। उनका कहना है कि लाइनमैनों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।