मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र स्थित रामपुर तिराहा की भारत फाइनेंस कंपनी में ऋण की किस्तों के नाम पर दो लाख चार हजार रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने एक कर्मचारी के विरुद्ध धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शाखा प्रबंधक गौरव कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराती है और कर्मचारियों के माध्यम से किस्तों का संग्रह कराया जाता है। आरोप है कि कंपनी में कार्यरत अनुज कुमार, निवासी रतपुर पगार, जनपद पीलीभीत, को ऋण की किस्तें एकत्र करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।तहरीर के अनुसार 7 जुलाई 2024 से 3 जून 2025 के बीच आरोपी कर्मचारी ने कई महिला ऋणधारकों से नियमित रूप से किस्तों की रकम वसूली, लेकिन उसे कंपनी के खाते में जमा नहीं कराया। कंपनी के नियमित ऑडिट के दौरान अभिलेखों की जांच में वित्तीय अनियमितता सामने आने पर मामले की पड़ताल की गई।जांच में पता चला कि वंदना, रश्मि, नीती, निशा, मेहरूनिशा और सलमा सहित कई महिलाओं से कुल 2.04 लाख रुपये की किस्तें वसूली गई थीं। कंपनी अधिकारियों ने जब संबंधित महिलाओं से संपर्क किया तो उन्होंने भुगतान की रसीदें भी उपलब्ध कराईं। इससे स्पष्ट हुआ कि महिलाओं ने समय पर किस्त जमा कर दी थी, जबकि आरोपित कर्मचारी ने राशि कंपनी में जमा नहीं की।मामले की पुष्टि होने के बाद शाखा प्रबंधक ने छपार थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी कर्मचारी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।