मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के लद्दावाला मोहल्ले की एक विवाहिता ने अपने पति, देवर सहित ससुराल पक्ष के सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और देवर द्वारा दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पीड़िता जेबा ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका निकाह 13 दिसंबर 2019 को लद्दावाला निवासी कासिम पुत्र हाजी दिलशाद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। उसके अनुसार विवाह में मायके पक्ष ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके अलावा छूछक की रस्म में भी लगभग पांच लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।तहरीर के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास, ससुर, ननदों और अन्य परिजनों ने अतिरिक्त पांच लाख रुपये नकद तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना की जाती रही।पीड़िता ने आरोप लगाया कि 31 मई 2026 की रात वह अपने कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसका देवर सुहैल कमरे में आया और उसके साथ अशोभनीय हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंच गए। जब उसने घटना की शिकायत की तो उल्टा उसी पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया गया।महिला का आरोप है कि विरोध करने पर पति, देवर, सास, ससुर और ननदों ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट की। आरोप है कि उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिराया गया तथा गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया गया। घटना के बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।पीड़िता ने पुलिस से पति कासिम, देवर सुहैल, ससुर हाजी दिलशाद, सास मुसलीना तथा ननद तबस्सुम, आशमा और जीनत के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, मारपीट, दुष्कर्म के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।