मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुजफ्फरनगर से मेरठ जा रही वैशाली डिपो की सीएनजी रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। आग लगने से पहले बस से धुआं उठता देख चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार लिया। कुछ ही देर बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई और कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में लगभग 40 से 45 यात्री सवार थे। पहना चौक से आगे बढ़ने के दौरान बस से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक और परिचालक ने बिना घबराहट के सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। बस में छोटे बच्चे भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यात्रियों के उतरने के कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान दो यात्रियों का सामान बस में ही रह गया, जो आग में जलकर नष्ट हो गया। चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि वैशाली डिपो की सीएनजी बस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर भेजी गई। चालक ने समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सभी यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित हैं।उन्होंने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। बस में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।