मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से ब्लैकमेल करने और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस को दी गई शिकायत में छात्रा ने बताया कि पिछले कुछ समय से ‘rabbit.3682293’ नाम की एक कथित फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से उसे लगातार संदेश भेजे जा रहे हैं। आरोप है कि आईडी संचालक उसकी बात न मानने पर उसके कथित निजी वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और परिवार के सदस्यों को टैग कर बदनाम करने की धमकी दे रहा है। इससे छात्रा और उसका परिवार मानसिक तनाव में है।पीड़िता का कहना है कि उसके पास इस मामले से जुड़े चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें उसने जांच के लिए पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। शिकायत में किसी व्यक्ति का नाम नहीं दिया गया है। आरोप अज्ञात व्यक्ति द्वारा संचालित फर्जी इंस्टाग्राम आईडी पर लगाया गया है।पुलिस से की गई शिकायत में फर्जी आईडी संचालक का पता लगाकर उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोकने की मांग की गई है।शहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के माध्यम से फर्जी आईडी संचालक की पहचान की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group