मेरठ। शहर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में एक कार में सवार पांच युवक धारदार हथियार और पिस्टल लहराते हुए रील बनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टोपी भी दिखाई देने से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और उससे जुड़े सभी तथ्यों का सत्यापन कराया जा रहा है।वायरल वीडियो में युवक चलते वाहन के भीतर चाकू, तलवार और पिस्टल का प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो के साथ कई तरह के दावे भी किए जा रहे हैं। इनमें एक युवक को पुलिस विभाग की खुफिया शाखा में तैनात एक निरीक्षक का पुत्र बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन दावों की पुष्टि नहीं की है।वीडियो के साथ कुछ कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इनमें एक व्यक्ति दूसरे को धमकी देता सुनाई दे रहा है। फिलहाल इन ऑडियो की सत्यता की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस इन्हें जांच का हिस्सा मानकर परख रही है।एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। वीडियो, कथित ऑडियो तथा उपलब्ध अन्य साक्ष्यों का तकनीकी और तथ्यात्मक सत्यापन कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि बिना जांच पूरी हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों की पुष्टि नहीं की जा सकती।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार असली हैं या नहीं, वायरल दावे कितने सही हैं और यदि किसी प्रकार का कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group