मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश पर विभिन्न कांवड़ मार्गों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।अभियान के तहत विभागीय टीम ने कांवड़ मार्गों पर स्थित ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंटों, ठेलों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और फल कारोबारियों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान खुले मसालों और कृत्रिम रंगों के उपयोग से बचने, केवल ताजे फल एवं सब्जियों का इस्तेमाल करने तथा प्रत्येक समय के लिए ताजा भोजन तैयार कर परोसने के निर्देश दिए गए। साथ ही कटे और सड़े-गले फलों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने की चेतावनी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने आम लोगों को भी मिलावटी और रंगयुक्त खाद्य पदार्थों से बचने तथा स्वच्छ खाद्य सामग्री का ही सेवन करने के प्रति जागरूक किया।इसी अभियान के दौरान शिकायत मिलने पर नई मंडी स्थित गर्ग इंटरप्राइजेज से राइस ब्रान ऑयल, सरसों के तेल और सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम कुमारी, नेहा चौधरी और संदीप सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group